पाबौ। राठ क्षेत्र की बालीकंडास्यू पट्टी के बुरासी गांव के लोगों को सड़क की सौगात मिली है। नौठा के समीप सैंजी से बुरासी तक मोटर मार्ग का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। अब इस सड़क पर वाहनों को चलाने के लिए परिवहन विभाग से अनुमति ली जानी है।
सड़क निर्माण का कार्य पूरा होने से अब बुरासी गांव के 150 परिवारों और आसपास के अन्य सैकड़ों ग्रामीणों को तीन किलोमीटर पैदल नहीं चलना पड़ेगा। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र नौटियाल ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। राय सिंह नेगी, बीरेंद्र सिंह, पंकज रावत, महाबीर खकंरियाल, दिगंबर नेगी, रणवीर लाल, विजय सिंह नेगी आदि ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के बाद ग्रामीणों को आने-जाने में वाहन की सुविधा मिल जाएगी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार का कहना है कि बुरासी तक तीन किलोमीटर 30 मीटर सड़क निर्माण का कार्य पूरा हो गया है। संभागीय परिवहन अधिकारी को जल्द आवेदन पत्र देकर सड़क पास करने को आवेदन किया जाएगा।