फिल्टर प्लांट सहित टैंक और पाइप लाइनों का निर्माण कार्य हुआ पूरा
श्रीनगर। कीर्तिनगर ब्लॉक के सिल्काखाल, कड़ाकोट, चौरास और लोस्तु क्षेत्र की 23 ग्राम पंचायतों की 109 बस्ती के लोगों को करीब नौ साल बाद इसी माह से पीने के लिए शुद्ध और पर्याप्त पानी मिल सकेगा। इसके लिए जल संस्थान कीर्तिनगर की ओर से रानीहाट गांव के समीप फिल्टर प्लांट के निर्माण को अंतिम रूप दिया गया है। अब विभाग द्वारा योजना पर इसी माह से शुद्ध पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
वर्ष 2016 में पेयजल निगम देवप्रयाग ने 23 ग्राम पंचायतों के लिए करीब 3217.44 लाख की लागत से सिल्काखाल चुन्नीखाल पंपिंग पेयजल योजना का निर्माण किया था। ग्रामीणों की मांग पर जल संस्थान ने चौरास क्षेत्र के रानीहाट गांव के समीप योजना के फिल्टरेशन प्लांट का निर्माण किया है। फिल्टर प्लांट के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को अब शुद्ध एवं पर्याप्त पानी मिल सकेगा।
जल संस्थान की ओर से जल जीवन मिशन के फेज-2 के तहत करीब 4 करोड़ 98 लाख की लागत से योजना पर दो एमएलडी का फिल्टर प्लांट, 14 किमी मुख्य पाइप लाइन, 26 किमी गांव में आंतरिक वितरण प्रणाली की पाइप लाइन बिछाने, तीन टैंक, पंप, मोटर, बिजली संबंधी कार्य और एक 400 किलोलीटर टैंक का निर्माण करवाया है। अब इसी माह ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या हल हो जाएगी।
-फिल्टर प्लांट का निर्माण पूरा हो चुका है इसी माह आखरी तक योजना पर टेस्टिंग और सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। योजना के तहत विभिन्न गांवों में पांच टैंकों सहित पाइप लाइन, डब्लूटीपी का निर्माण भी पूरा हो चुका है। -नरेश पाल सिंह, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान देवप्रयाग।