श्रीनगर/देवप्रयाग/कीर्तिनगर। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा की घटना के बाद फैले रोष को देखते हुए पुलिस ने एडवायजरी जारी की है। ताकि सोशल मीडिया या अन्य किसी माध्यम से भ्रामक संदेश फैले और माहौल खराब न हो। साथ ही शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले कश्मीरी छात्र-छात्राओं के बारे में भी लगातार जानकारी हासिल की जा रही है। केंद्रीय गढ़वाल विवि और एनआईटी समेत अन्य संस्थानों में जम्मू-कश्मीर के छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। कोतवाल एनएस बिष्ट का कहना है कि हॉस्टल अधीक्षकों से जानकारी ली जा रही है। उन्होंने छात्रों से भी अनुरोध किया है कि यदि कोई सोशल मीडिया में देशद्रोही टिप्पणी या आपत्तिजनक बात लिखता है, तो उससे भिड़ने के बजाय पुलिस को सूचित करे।
देवप्रयाग में राष्ट्रीय स्वयं सेवकों ने पथ संचलन कर पुलवामा के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी है, जबकि कीर्तिनगर के चौरास क्षेत्र में पूर्व सैनिक व अर्द्ध सैनिक संगठनों ने कैंडल मार्च निकाल कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। श्रीनगर में भी पराग क्षेत्र के लोगों व भारतीय विद्यार्थी मोर्चा छात्र संगठन ने घटना पर शोक संवेदना व्यक्त की। इस मौके पर पूर्व सैनिक सुरेंद्र सिंह नेगी, धाम सिंह बिष्ट, गंभीर सिंह, भीमराज सिंह नेगी, वीर सिंह बिष्ट छात्र धर्मेंद्र कुमार, रमाकांत, सरस्वती देवी, घुंघरा देवी, पार्वती देवी, मंजू पटवाल, नंदा, इंद्र सिंह, कुंवर सिंह, रघुवीर सिंह आदि मौजूद थे।