श्रीनगर। एसएसबी केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र में इस वर्ष निर्माण कार्य शुरू होंगे। वर्ष 2013 की आपदा में एसएसबी प्रशिक्षण केंद्र का काफी नुकसान हुआ था। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने एसएसबी केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र की ओर से भेजे गए प्रस्तावों को स्वीकृति दे दी है। डीआईजी ने बताया कि इस वर्ष करीब 10 करोड़ की धनराशि निर्माण कार्यों के लिए मिलेगी। पूरे पांच वर्षों के लिए 30 से 40 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है।
बुधवार को केंद्रीय कृत प्रशिक्षण केंद्र में पत्रकारों से वार्ता के दौरान डीआईजी उपेंद्र प्रकाश बलोदी ने कहा कि आपदा में क्षतिग्रस्त हुई संपत्ति के पुनर्निर्माण के लिए विभिन्न प्रस्ताव भेजे गए थे। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने 2019 से 2024 तक पांच वर्षों के दौरान होने वाले निर्माण कार्यों के प्रस्तावों की स्वीकृति दे दी हैं। उक्त प्रस्तावों के तहत करीब 30 से 40 करोड़ की धनराशि मिलने की उम्मीद है। बलोदी ने बताया कि इस वर्ष के लिए कम से कम 10 करोड़ की धनराशि मिलेगी। निर्माण कार्यों के तहत ऑडिटोरियम, बैरक, मैदान सहित कई अन्य कार्य कराए जाएंगे। बलोदी ने बताया कि 18 जनवरी को जलवाहकों की पासिंग आउट परेड आयोजित होगी, जिसमें 158 जल वाहक शामिल होंगे। इन जलवाहकों ने तीन माह का प्रशिक्षण प्राप्त किया है।