पौड़ी। केंद्रीय विश्वविद्यालय पौड़ी परिसर के छात्रों ने शनिवार को कुलपति का विश्वविद्यालय परिसर का दौरा स्थगित होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कुलपति को परिसर की समस्याओं को सुनने के लिए यहां आना था, लेकिन ऐन वक्त पर उन्होंने अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया। छात्रसंघ सचिव अंकित नेगी ने बताया कि परिसर में छात्रों के परीक्षा परिणाम अब तक घोषित नहीं किए गए। एमए, एमएससी व एलएलबी के प्रथम सेमेस्टर में सीट खाली होने के बाद भी छात्रों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। छात्रों ने इसके बाद परिसर के निदेशक केसी पुरोहित के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन भेेजा। ज्ञापन देने वालों में पूर्व विश्वविद्यालय प्रतिनिधि मोहित सिंह, आशीष नेगी, दीपक नौटियाल, आकाश रावत, शिवानी भंडारी, प्रियंका रावत, रचना व हिमांशु आदि मौजूद रहे।