पौड़ी। गढ़वाल विश्वविद्यालय के नए सत्र 2018-19 की प्रवेशिका में राजनीतिक दल से संबंध रखने वाले व्यक्ति की फोटो प्रकाशित किए जाने पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन ने प्रवेशिका से फोटो हटाने के लिए गढ़वाल विवि के कुलपति को ज्ञापन भेजा है।
बृहस्पतिवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के प्रदेश सचिव मोहित सिंह सहित अन्य छात्रों ने परिसर निदेशक के माध्यम से गढ़वाल विवि के कुलपति को ज्ञापन भेजा है। संगठन का कहना है कि गढ़वाल विवि के नूतन वर्ष की प्रवेशिका में शौर्य डोभाल की फोटो प्रकाशित की गई है, जो कि उचित नहीं है। छात्रों ने कहा कि शौर्य डोभाल न तो विश्वविद्यालय में कार्यरत है और न ही उनके पास विवि का कोई दायित्व है, लिहाजा प्रवेशिका में उनकी फोटो प्रकाशित किया जाना विवि के नियमों के विरुद्ध व राजनीति से प्रेरित है। संगठन ने ज्ञापन में कहा कि शौर्य डोभाल राजनीतिक पार्टी से जुड़े हैं और चुनाव की तैयारी कर रहे है, लिहाजा उनकी फोटो शीघ्र प्रवेशिका से हटाई जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि प्रवेशिका से जल्द फोटो नहीं हटाई गई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन भेजने वालों में दीपक नौटियाल, अंकित रावत, प्रियांश, आकाश रावत, आशीष नेगी, शिवम, गोपाल आदि शामिल थे।