पौड़ी। देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर लोगों ने देश की एकता और अखंडता के लिए शहर में दौड़ लगाई। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों, शिक्षण संस्थानों व सरकारी कार्यालयों में पटेल की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पटेल जयंती पर मंगलवार को विभिन्न शिक्षण संस्थानों से छात्र-छात्राएं, विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व आम लोग सुबह आठ बजे कंडोलिया मैदान में एकत्रित हुए। यहां से क्षेत्रीय विधायक मुकेश कोली, जिलाधिकारी सुशील कुमार, एसएसपी जेआर जोशी समेत विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित किए व उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इसके बाद सभी ने ‘रन फार यूनिटी’ के तहत दौड़ में हिस्सा लिया। डीएम ने मीजिल्स रूबेला अभियान के तहत हर बच्चे को एमआर वैक्सिनेशन करने की शपथ भी दिलाई। दौड़ लगाने वालों में छह वर्षीय बालक कार्तिक रावत भी शामिल रहा। इस मौके पर अपर आयुक्त हरक सिंह रावत, एडीएम रामजी शरण शर्मा, सीएमओ डॉ. आरएस राणा, सीओ धन सिंह तोमर आदि शामिल रहे।
उधर, राजकीय इंटर कालेज कोट में स्वर्गीय पटेल की जयंती पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में 12वीं कक्षा के आशुतोष आर्य, प्रियंका व पूूजा जुयाल और निबंध प्रतियोगिता में 12वीं कक्षा की पूजा जुयाल, आशुतोष आर्य व प्रियंका शर्मा ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर आयोजित ‘रन फार यूनिटी’ में खंड शिक्षा अधिकारी शंकर सिंह यादव, युवा खेल अधिकारी मुकेश डिमरी, प्रिंसिपल धर्मवीर सिंह चौधरी, सहायक अध्यापक वीरेंद्र जदली आदि शामिल रहे। वहीं, राजकीय इंटर कालेज जगतेश्वर में भी छात्र-छात्राओं ने ‘रन फार यूनिटी’ में हिस्सा लिया। दौड़ का उद्घाटन व्यायाम की शिक्षक रेशमा रावत ने किया। उधर, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय द्वारा कारगिल शहीद धर्मसिंह राजकीय इंटर कालेज कल्जीखाल में सरदार बल्लभ पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित एकता दौड़ में शुभम प्रथम, सौरभ द्वितीय और राहुल जुगराज तृृतीय स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में प्रियांशू, रीतू और कंचन क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर आए। इस अवसर पर पौड़ी के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी लीलाधर पांडेय, उत्तरकाशी के महावीर सिंह चौहान, प्रिंसिपल आरएस पटवाल आदि शामिल रहे। वहीं,
नेहरू युवा केंद्र पौड़ी द्वारा भी सरदार पटेल की जयंती मनाई गई और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। खेल विभाग के इंडोर स्टेडियम में जिला युवा समन्वयक डॉ. योगेश धस्माना ने युवाओं को राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अंजना बिष्ट, अनूप कुमार, रविंद्र, आरती, इंदू, काजल, संदीप व नवीन डोबरियाल आदि उपस्थित थे।