पौड़ी। जनपद के एक होनहार नन्हें वैज्ञानिक के मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर चयनित किया गया है। वह विकास खंड बीरोंखाल के राउमावि भभरईखाल में अध्ययनरत है। वहीं छात्र के चयनित मॉडल को अब आईआईटी विकसित करेगी।
आईआईटी दिल्ली में राष्ट्रीय इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता हुई। इसमें उत्तराखंड की ओर से जनपद पौड़ी के जीजीआईसी पैडुल की प्रिया व राउमावि भभरईखाल के धर्मेंद्र ने अपने-अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। इनमें से धर्मेंद्र के मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर चयनित कर लिया गया है। धर्मेंद्र के चयन से प्रदेश व जनपद में खुशी की लहर है। धर्मेंद्र ने विद्युत चालित बहु उपयोगी मॉडल बनाया है, जो बालू को छानने, दाल, गेहूं सहित अन्य अनाजों से कूड़ा अलग करता है। धर्मेंद्र विकास खंड बीरोंखाल के ग्वालियर गांव निवासी गरीब मजदूर वीरेंद्र सिंह का बेटा है। वीरेंद्र गांव में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। छात्र की मार्गदर्शक शिक्षिका ममता ध्यानी ने बताया कि धर्मेंद्र कक्षा आठ में अध्ययनरत है। मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी मदन सिंह रावत, डीईओ माध्यमिक हरेराम यादव, डीईओ बेसिक कुंवर सिह रावत व इंस्पायर अवार्ड कार्यक्रम के संयोजक प्रधानाचार्य विमल चंद्र बहुगुणा ने कहा कि धर्मेंद्र ने जनपद पौड़ी को राष्ट्रीय फलक पर नई पहचान दी है। छात्र की उपलब्धि से शिक्षा विभाग गदगद है। उन्होंने कहा कि छात्र के मॉडल को आईआईटी विकसित करेगी। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित छात्र की राष्ट्रपति से भी मुलाकात होगी।