पौड़ी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को सचिवालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पौड़ी जिले की समस्त विधान सभा क्षेत्रों के लिए की गई घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि पौड़ी में बस अड्डे का निर्माण मार्च 2019 तक पूरा हो जाएगा, जबकि एक सप्ताह के भीतर जिला अस्पताल में डिजिटल एक्सरे मशीन लगा दी जाएगी।
जिलाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि पौड़ी के कंडोलिया पार्क में सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। पौड़ी मुख्यालय में कौशल विकास केंद्र खोलने का कार्य प्रगति पर है। घुड़दौड़ी बिलकेदार पंपिंग पेयजल योजना के निर्माण पर भी कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा रामलीला मैदान में सोलर लाइट्स द्वारा प्रकाश व्यवस्था व लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। डीएम ने बताया कि पौड़ी विधानसभा क्षेत्र की कुल 22 घोषणाओं में से 11 पूरी हो चुकी हैं। सात घोषणाओं पर काम किया जा रहा है। वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नीलकंठ में कावंड़ मेले के कुशल प्रबंधन व आयोजन के लिए धनराशि आवंटित की जाए। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि यमकेश्वर में जलेडी ग्राम सभा पंचायत पेयजल योजना की डीपीआर तैयार हो गई है। यमकेश्वर के विभिन्न गांवों में एलटी केबल बदलने व फेज में वृद्धि का काम पूरा हो चुका है। थलनदी गेंद मेले को राजकीय मेला घोषित कर दिया गया है। चीला पशुलोक मोटर मार्ग पर गंगाभोगपुर के पास बीन नदी के 200 मीटर स्पान के पुल के निर्माण के लिए डीपीआर पर कार्यवाही गतिमान है।
यमकेश्वर में एक अतिरिक्त 108 एंबुलेंस सेवा अगस्त माह के अंत तक संचालित कर दी जाएगी, जबकि कडथी कोठार पंपिंग पेयजल योजना के लिए डीपीआर तैयार है।