गढ़वाल। सात सूत्री मांगों के लिए मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी कार्यबहिष्कार पर डटे रहे। आंदोलन के चलते दफ्तरों में भी कामकाज प्रभावित रहा। कर्मचारियों ने कहा कि मांगे न मानी गई तो 22 जून को दून में रैली निकालकर सचिवालय का घेराव करेंगे।
पौड़ी में एजूकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफिसर्स एसोसिएशन से जुड़े कर्मचारी बृहस्पतिवार दूसरे दिन भी कार्यबहिष्कार पर रहे। मंडल मुख्यालय में एकत्र हुए कर्मचारियों ने तीन टीमें गठित कर विकास भवन, सीएमओ और एडी गढ़वाल मंडल कार्यालय में कामकाज बंद कराया। संगठन के मंडलीय सचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि सरकार कर्मचारी हितों की अनदेखी कर रही है, जिससे उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा है। प्रदर्शनकारियों में गौरव नवानी, रक्षा नेगी, कुसुमलता, इंद्रेश बहुगुणा, रघुवीर भंडारी, मनवीर रावत, भूपेंद्र नेगी, राजेंद्र कोहली, चंद्रमणि आदि शामिल थे।
रुद्रप्रयाग में सीडीओ कार्यालय परिसर में मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों ने विकास भवन से डीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला और डीएम मंगेश घिल्डियाल के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इस दौरान मंच के मुख्य संयोजक वीरेंद्र सिंह बर्तवाल, आशुतोष बेंजवाल, सौम्या ढौडियाल, विश्वजीत खत्री, रणजीत सिंह, जयदीप शाह, अनिरुद्ध भट्ट, सुखवीर सिंह, केएस राणा, राधाकृष्ण काला, वाईएस नेगी, पारेश्वर नौटियाल समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद थे।