खातों में जल्द जमा नहीं हुआ ईपीएफ को होगा आंदोलन
क्षेत्रीय क्रांति मोर्चा ने सीएम को सौंपा कॉलेज का चिट्ठा
अमर उजाला ब्यूरो
पौड़ी।
जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज में आउटसोर्स कर्मचारियों और क्रांति मोर्चा का धरना जारी है। दोनों संगठनों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया और विश्वास जताया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण होगा। सीएम ने भी सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी में आउटसोर्स कर्मचारियों ने सीएम को जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान ज्ञापन दिया। उन्होंने बताया कि कॉलेज में ईपीएफ की धनराशि ठेकेदार कर्मचारियों के खातों में जमा नहीं कर रहा है। बृहस्पतिवार को धरने के आठवें दिन आउटसोर्स कर्मचारियों ने निर्णय लिया कि यदि शीघ्र उनके खातों में ईपीएफ की धनराशि जमा नहीं की जाएगी तो आंदोलन उग्र किया जाएगा। धरने में बृहस्पतिवार को अरुण बिष्ट, विमल किशोर, मुकेश कुमार, पंकज सिंह रावत और विजय कुमार बैठे।
क्षेत्रीय क्रांति मोर्चा के अध्यक्ष देवेंद्र रावत के नेतृत्व में सीएम को सौंपे ज्ञापन में रजिस्ट्रार के खिलाफ कार्यवाई की मांग की गई। मोर्चा ने रजिस्ट्रार के दस्तावेज मुख्यमंत्री को सौंपने के साथ ही बताया कि कॉलेज में करोड़ों का खेल किया गया है। डीएम पौड़ी भी सिर्फ जांच का राग अलाप रहे हैं।