श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के एमबीबीएस (2009-2013 बैच) के फाइनल प्रोफेशनल परीक्षा पार्ट-2 का रिजल्ट परीक्षा निपटने के एक माह बाद भी नहीं खुल पाया है। इससे परीक्षार्थी परेशान हैं। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि संस्थान ने समय पर नंबर शीट उत्तराखंड तकनीकी विवि (यूटीयू) को भेज दी थी, लेकिन यूटीयू ने स्पष्ट रिजल्ट नहीं दिया। वहीं, यूटीयू का कहना है कि रिजल्ट 10 दिन पूर्व खुल चुका है। रिजल्ट घोषित न होने की वजह से छात्रों की इंटर्नशिप शुरू नहीं हो पा रही है। ऐसे में उन्हें डिग्री मिलने मेें देरी हो रही है। प्राचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर प्रो. सीएम रावत का कहना है कि परीक्षा समाप्त होने के एक हफ्ते बाद ही नंबर शीट भेज दी गई थी। यूटीयू ने रिजल्ट भेजा, लेकिन जो मार्कशीट भेजी गई, उसमें पास-फेल का जिक्र नहीं था। इसलिए सुधार के लिए रिजल्ट को वापस लौटा दिया गया है। वहीं परीक्षा नियंत्रक यूटीयू देहरादून अनीता रावत का कहना है कि हमने 10 दिन पूर्व ही रिजल्ट भेज दिया है। रिजल्ट वापस क्यों भेजा गया, इसको देखा जाएगा। रिजल्ट में देरी नहीं होने दी जाएगी।