श्रीनगर। गढ़वाल विवि के चौरास परिसर में देश भर के शिक्षक जुटेंगे। इन शिक्षकों को प्रवेशण प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें शैक्षणिक व शोध क्रियाकलाप, पाठ्यक्रम तैयार करने की विधियों सहित अन्य विषयों पर विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे।
गढ़वाल विवि के चौरास परिसर स्थित एकेडमिक एक्टिविटी सेंटर में बुधवार (आज) से पं. मदन मोहन मालवीय नेशनल मिशन फार टीचर्स एंड टीचिंग के तहत एक माह का प्रवेशण (इंडक्शन) प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें देश भर के शिक्षक प्रतिभाग करेंगे। प्रशिक्षण आयोजक प्रो. इंदु पांडे खंडूड़ी ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए 52 शिक्षकों ने आवेदन किया था, जिसमें से 48 आवेदन योग्य पाए गए। 38 शिक्षकों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए स्वीकृति भी दे दी है। गढ़वाल विवि के तीनों परिसरों से 3 शिक्षकों ने आवेदन किया है। प्रो. पांडे ने बताया कि प्रशिक्षण में शिक्षकों को शैक्षणिक व शोध क्रिया कलाप, पाठ्यक्रम तैयार करना, अध्ययन की तकनीक आदि विषयों पर प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण में झारखंड व बिहार, उड़ीसा, राजस्थान, तेलांगना, गुजरात, उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड से शिक्षक शामिल होंगे।