श्रीनगर। शहर में 15 मार्च को फूलदेई त्यौहार व चैती गायन का आयोजन किया जाएगा। शहर के संस्कृति प्रेमी व रंगकर्मियों ने आयोजन में सहयोग के लिए शहरवासियों से अपील की है।
सोमवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में गिरीश पैन्यूली, महेश गिरी व अनूप बहुगुणा ने कहा कि 15 मार्च सुबह साढे़ पांच बजे करीब शहर के मुख्यमार्गों पर ढोल वादन के साथ फूलदेई यात्रा आयोजित की जाएगी। शाम को स्थानीय गोला पार्क में लोकगायक संजय पांडे व लता तिवारी पांडे चैती गायन करेंगे। इस दौरान ढोलवादकों को सम्मानित भी किया जाएगा। फूलदेई उत्तराखंडी परंपरा और प्रकृति से जुड़ा सामाजिक सांस्कृतिक व लोक पारंपरिक त्योहार है। जोकि चैत्र संक्रांति के पहले दिन से शुरू होता है और 8 दिन तक चलता है। गढ़वाल में इसे घोघा कहा जाता है। आयोजन को सफल बनाने के लिए रंगकर्मियों व संस्कृति प्रेमियों ने स्थानीय निवासियों से सहयोग की अपील की है।