श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में कल (बृहस्पतिवार) से सुभारती मेडिकल कॉलेज देहरादून के छात्र-छात्राओं का एडमिशन शुरू हो जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया तीन दिन 2 से 4 मई तक चलेगी। संस्थान में दो सत्रों के 50-50 यानी कि कुल 100 एडमिशन होंगे। प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राओं को सरकार की ओर से निर्धारित ट्यूशन शुल्क पूरा चुकाना होगा। उनको बांडधारी छात्र-छात्राओं की भांति शुल्क में रियायत नहीं मिलेगी।
बीती 23 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने सुभारती मेडिकल कॉलेज के 300 छात्र-छात्राओं (वर्ष 2016-17 व 2017-18 बैच) को उत्तराखंड के सरकारी/गैर सरकारी मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट करने के आदेश दिए थे। बाद में निर्णय हुआ कि राज्य के तीनों सरकारी मेडिकल कॉलेजों (दून, हल्द्वानी व श्रीनगर) मेें उक्त सीट बांटी जाएंगी। सीट बढ़ाने के लिए एमसीआई की अनुमति की जरूरत होती है। भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद शासी बोर्ड (एमसीआई बीओजी) इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट की डबल बैंच में गई थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उक्त छात्र-छात्राओं को समायोजित करने के आदेश दिए, जिस पर एमसीआई ने गत 24 अप्रैल को दोनों बैचों में तीनों कॉलेजों के लिए 50-50 सीटों का विशेष आवंटन कर दिया है। उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विवि में काउंसिलिंग के पश्चात 100 छात्र-छात्राओं को श्रीनगर मेडिकल कॉलेज दिया गया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो.सीएम रावत ने बताया कि 2 मई से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जो 4 मई तक चलेगी। फी स्ट्रक्चर और अन्य सूचनाएं संस्थान की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई हैं। प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राओं को शिक्षण शुल्क के तौर पर 4 लाख रुपये देने होंगे।
>>>>>>
जारी
सन्दीप