पौड़ी। गढ़वाल मंडल बहुउद्देशीय सहकारी समिति के अध्यक्ष सम्पत सिंह रावत ने कहा कि नये रूटों पर बसों के संचालन के लिए प्रस्ताव मिलेंगे तो यहां बसों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति की विभिन्न रूटों पर 32 बसे चल रही हैं। इस वित्तीय वर्ष में समिति को 35 लाख का लाभ हुआ है।
गढ़वाल मंडल बहुउद्देशीय सहकारी समिति कार्यालय में मीडिया से वार्ता में रावत ने कहा कि समिति के आय के साधन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। समिति के पास अब तक अपना भवन नहीं हैं। सरकार सेभवन की मांग की जाएगी। वहीं यात्रा सीजन के दौरान चारधाम यात्रा पर बसे चले जाने से स्थानीय यात्रियों को परेशानी न हो इसका ध्यान रखा जाएगा। समिति के अध्यक्ष ने कहा कि शुक्रवार को समिति का 46 वां वार्षिक अधिवेशन होगा। जिला पंचायत सभागार में आयोजित अधिवेशन का सुबह 11 बजे मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री डा.धन सिंह रावत शुभारंभ करेंगे। इसके बाद दोपहर 1.30 से श्रीनगर विधान सभा क्षेत्र की बूथ संपर्क अभियान की बैठक रखी गई है। जबकि दोपहर 2.30 से जिला पंचायत सभागार में नवाचार विषयक सहकारिता संगोष्ठी आयोजित की गई है। संगोष्ठी में उच्च शिक्षा मंत्री डा.धन सिंह रावत मुख्य अतिथि, विधायक मुकेश कोली व जिपं अध्यक्ष दीप्ति रावत, उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष दान सिंह रावत, यूसीएफ के अध्यक्ष घनश्याम नौटियाल व उपाध्यक्ष मातवर सिंह रावत विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। मीडिया से वार्ता के दौरान सचिव रमेश चंद्र उप्रेती, आनंदमणि पोखरियाल, गंभीर सिंह राणा व डा.मनवर सिंह शामिल रहे।