पौड़ी। मॉर्निंग स्टार ने बैंज्वाड़ी को 4-1 से शिकस्त देकर राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच जीत लिया है, जबकि दूसरे मैच में क्यार्क ने पीडब्ल्यूडी को टाई ब्रेकर में हराया।
कंडोलिया खेल मैदान पर बृहस्पतिवार को खेलो इंडिया के तहत राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का आगाज हुआ। उद्घाटन मुकाबला मॉर्निंग स्टार और बैंज्वाड़ी के बीच खेला गया। मॉनिंग स्टार की तरफ से मैच के पहले हाफ 10वें मिनट में गौरव रावत ने पहला और 23वें मिनट में दूसरा गोल दागकर अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में संदीप ने 37वें और 66वें मिनट में दो गोल मारकर मॉर्निंग स्टार को 4-0 से आगे कर दिया। अंतिम क्षणों में बैंज्वाड़ी के लिए शुभम ने 70वें मिनट में गोल किया, लेकिन वह अपनी टीम की हार को नहीं टाल सके। मॉर्निंग स्टार ने 4-1 के अंतर से यह मैच अपने नाम किया।
दूसरा मैच पीडब्ल्यूडी और क्यार्क के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के खिलाड़ी गोल के लिए जूझते नजर आए, लेकिन गोल करने में नाकाम रहे। इसके बाद टाई ब्रेकर हुआ, जिसमें क्यार्क ने 4-1 के अंतर से मैच जीत लिया।
इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस मौके पर पौड़ी के विधायक मुकेश कोली, नगर पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, ब्लॉक प्रमुख संतोषी रावत, भाजपा जिला महामंत्री नीरज पांथरी, देवेंद्र रावत, कुलदीप गुसाईं, आयोजक जिला उपाध्यक्ष भाजपा गणेश नेगी, अनूप देवरानी, कमल रावत व लक्ष्मण सिंह आदि शामिल रहे।