पौड़ी। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से विकास खंड मुख्यालय पोखड़ा व आसपास का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। क्षेत्र में विगत 24 घंटे से बिजली, पानी व संचार सेवा ठप पड़ी हुई है। इससे ग्रामीणों के साथ मुख्यालय स्थिति ब्लाक स्तरीय कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी भी परेशान हैं।
विकास खंड मुख्यालय पोखड़ा में ब्लाक स्तरीय विभिन्न कार्यालय स्थिति हैं। इनमें विकास खंड कार्यालय, खंड शिक्षा, उद्यान, पशुपालन सहित अन्य कार्यालयों में पीएनबी, जिला सहकारी बैंक, सामुदायिक चिकित्सालय, पोस्ट ऑफिस आदि शामिल हैं। ग्राम पंचायत पोखड़ा, वीणागाड़, असनोड़ मल्ला, असनोड़ तल्ला मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायतें हैं। इनमें 24 घंटे से बिजली, पानी व संचार सेवा ठप पड़ी हुई है। सांसद प्रतिनिधि पुष्कर जोशी ने बताया कि क्षेत्र में दो दिन से लगातार बारिश हो रही है। इससे क्षेत्रीय ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पोखड़ा पेयजल योजना की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। बीएसएनएल की संचार सेवा बंद है। क्षेत्र में बिजली भी नहीं है। उन्होंने कहा कि आवश्यक सेवाओं के प्रभावित होने से 200 से अधिक परिवार और विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी भारी परेशानियों से जूझ रहे हैं। जोशी ने बताया कि कंट्रोल रूम के साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय पर सूचना दे दी गई थी, लेकिन अभी तक सेवाएं प्रभावित ही चल रही हैं।