पौड़ी। डीएलएड-ब्रिज कोर्स की दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न हो गई है। मैसमोर इंटर कालेज व जीआईसी पौड़ी प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षु शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षा, शिक्षण, उसकी गुणवत्ता व शिक्षक की भूमिका को लेकर जानकारी प्रदान की गई।
शुक्रवार को मैसमोर इंटर कालेज प्रशिक्षण केंद्र में समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीईओ पौड़ी जेपी काला ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि गुणवत्तापरक शिक्षा ही शिक्षण का ध्येय होता है। शिक्षक बेहतर समाज के निर्माण में नौनिहालों को पोषित, पल्लवित व नवनिर्मित करते हैं। हमेशा से ही शिक्षक की भूमिका अतुलनीय रही है। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को ब्लू प्रिंट द्वारा प्रश्न पत्र बनाना, पाठ योजना तैयार करना व सेमीनार की रिपोर्ट तैयार करना व शिक्षण उद्देश्य आदि का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर डा. अशोक कुमार, डा. कमलेश मिश्रा, डा. योगेंद्र सिंह व अंजू चौहान ने प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य तरुण चौफिन व संचालन वंदना ने किया। इस अवसर पर सह-समन्वयक एसपी कैशिव, मनीष रावत, अनूप रावत, नीतू उनियाल, अंजलि नेगी, रजनी बिष्ट, विनीता खंडूड़ी, सीमा बडेरा आदि मौजूद थे। वहीं जीआईसी पौड़ी में भी दस दिवसीय डीएलएड-ब्रिज कोर्स प्रशिक्षण संपन्न हुआ। मास्टर ट्रेनर मोहन चंद्र घिल्डियाल, हरेंद्र चौहान, जयंती पुरोहित, बीसी जुयाल, नितिन रावत व देवेंद्र नेगी ने प्रशिक्षण प्रदान किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य जीआईसी पौड़ी विमल चंद्र बहुगुणा भी मौजूद रहे।