कीर्तिनगर। शहीद नागेंद्र सकलानी एवं मोलू भरदारी स्मृति विकास मेले का आगाज स्कूली छात्रों की परेड के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक विनोद कंडारी, विशिष्ठ अतिथि एसएसबी के कमांडेट नागेंद्र रौतेला व नगर पंचायत अध्यक्ष कैलाशी देवी ने एसडीएम कार्यालय परिसर में स्थित शहीद स्मारक पर माल्यापर्ण कर शहीदों को याद किया। उसके बाद सभी अतिथियों ने नागेंद्र सकलानी व मोलू भरदारी की मूर्ति पर माल्यापर्ण किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि शहीदी मेले का आयोजन दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर सभी के सहयोग से होगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की ओर से दिया गया मांग पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा। एसएसबी के कमांडेंट नागेंद्र रौतेला ने कहा शहीदों की स्मृति में मेले का आयोजन शहीदों का सच्चा सम्मान है। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष कैलाशी देवी जाखी ने विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपा। जिसमें ढुंढप्रयाग का सौर्दयीकरण, अतिथि गृह, खेल मैदान का निर्माण व पर्यटकों के लिए साहसिक खेलों की अनुमित सहित आदि मांगे शामिल थी। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी बासुदेव डंगवाल, सभाषद विकास दुमागा, अजय रावत, जगदंबा कुमाईं व दीपा देवी मौजूद थे।
मेरी गज्याणा पर झूमे लोग
कीर्तिनगर। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत पहले दिन लोक गायक धूम सिंह रावत ने अपनी प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना के साथ की गई। धूम सिंह रावत के मेरी गाज्यणा रैग्यू मै त्वे देखदि मैरी गाज्यणा गीत पर लोग जमकर झूमे। इस दौरान पुलिस को व्यवस्था बनाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। इसके अलावा धूम सिंह रावत ने मेरा पहाड़ में ढोल दमो बजला, शहीदों की याद आदि गीत भी गाए। उनके साथ राजेंद्र ढोंडियाल, विकास चौहान, अमित सकलानी, एजी नृत्य ग्रुप ने प्रस्तुति दी।
एसएसबी का बैंडशो रहा आकर्षण का केंद्र
कीर्तिनगर। मेले के उद्घाटन अवसर पर एसएसबी का बैंड शो आकर्षण का केंद्र रहा। मेले मे पहली बार बैंड शो का आयोजन किया गया। इसे स्थानीय निवासियों ने खूब सराहा। मेले में पहली बार खेल तमाशे भी लगाए गए हैं।