पौड़ी। जीबी पंत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग कॉलेज से निकाले जाने के विरोध में वार्ड ब्वाय ने भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। कॉलेज प्रबंधन ने वार्ड ब्वाय को एक माह तक कॉलेज न आने के कारण नौकरी से निकालने की बात कही है।
वार्ड ब्वाय बुद्धिबल्लभ के मुताबिक वह पिछले छह साल से कॉलेज में वार्ड ब्वाय के पद पर कार्यरत थे। अप्रैल माह में तबीयत खराब होने के कारण वह कॉलेज नहीं जा सका, जिस कारण उसे एक माह का वेतन भी नहीं दिया गया। बताया कि कॉलेज में आउट सोर्स के तहत कार्यरत अन्य कर्मचारियों को भी अनुपस्थित रहने पर वेतन नहीं दिया जाता है, लेकिन कार्यमुक्त नहीं किया जाता। चेतावनी दी कि सोमवार तक उन्हें दोबारा पद पर नहीं रखा गया तो वह निदेशक कार्यालय के बाहर परिवार संग भूख हड़ताल शुरू कर देंगे। उधर, कॉलेज के चीफ वार्डन आशीष नेगी ने बताया कि वार्ड ब्वाय स्टूडेंट्स फंड के आधार पर रखे जाते हैं। उक्त वार्ड ब्वाय की पहले भी शिकायतें आई थी और वह ड्यूटी से अकसर अनुपस्थित रहता था। इसीलिए उन्हें पद से हटाने का निर्णय लिया गया है।