पौड़ी। जिले में भाजपा ने आजीवन सहयोग निधि की धनराशि तीन करोड़ तय की है, लेकिन जिला अभी मात्र 20 लाख पर ही पहुंचा है। ऐसे में विधानसभा प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को कड़ी फटकार लगाई और भाजपा पदाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि हर हाल में लक्ष्य पूरा करें। भाजपा इन दिनों आजीवन सहयोग निधि के नाम पर मोटी रकम जमा करने के प्रयास में जुटी है। रविवार को जिला पंचायत सभागार में जिला प्रभारी कैलाश पंत तब गुुस्से में आ गए, जब मंडल प्रभारियों ने कुल जमा धनराशि का विवरण दिया। बताया कि अब तक कुल 20 लाख जमा हुए हैं। इस पर प्रभारी बिफर पड़े और भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सहयोग निधि के लक्ष्य को निर्धारित समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। विधान सभा पौड़ी, श्रीनगर व चौबट्टाखाल की इस बैठक में कुछ कार्यकर्ताओं ने सवाल भी उठाए, लेकिन उन्हें चुप रहने के लिए कह दिया गया। दिलचस्प तो यह रहा कि भाजपा की इस बैठक में जब पत्रकारों ने प्रवेश की कोशिश की तो दरवाजा बंद कर दिया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट, गढ़वाल लोक सभा प्रभारी डा. संजय, जिला महामंत्री नीरज पांथरी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत, जिला उपाध्यक्ष विमल वर्मा, गणेश नेगी, लखपत सिंह भंडारी, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा सुषमा रावत, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा मधु खुगशाल, ब्लाक प्रमुख पौड़ी संतोषी रावत, राजकुमार पोरी, राजेंद्र प्रसाद टम्टा, सुमनलता ध्यानी व कमला रावत आदि मौजूद रहे।