मनीष चंद्र भट्ट
पौड़ी। पौड़ी शहर में बड़ी संख्या में मकान मालिकों ने पूरा घर किराए पर दिया हुआ है, जबकि खुद दून या दिल्ली शिफ्ट हो गए हैं। पुलिस के सत्यापन अभियान के दौरान यह बात सामने आई है। एक दिन के अभियान में ऐसे 100 से अधिक मामले पकड़ में आए हैं। अब पुलिस उनके दिल्ली और दून के पते ढूंढकर नोटिस भेज रही है।
पौड़ी और कोटद्वार में दुराचार और दुराचार के प्रयास की घटनाओं के मद्देनजर जिला पुलिस ने पौड़ी, कोटद्वार और श्रीनगर शहर में बुधवार सुबह-सवेरे सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पौड़ी शहर में पुलिस के लिए तब अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब कई घरों में मकान मालिक ही नहीं मिले। पता लगा कि मकान मालिकों ने पूरा घर किराए पर दिया है और खुद दिल्ली या दून शिफ्ट हो गए हैं। ऐसे में पुलिस के सामने यह समस्या आ गई कि बिना सत्यापन के किराएदार रखने वाले मकान मालिकों पर जुर्माना कैसे लगाया जाए? पुलिस ने इन मकान मालिकों की सूची तैयार की है। उनके पते ढूंढकर नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है। साथ ही इन मकानों में रह रहे किराएदारों से उनके गृह जनपद का परिचय पत्र भी लिया जा रहा है। एसएसपी जगतराम जोशी ने बताया कि चालान काटने या जुर्माने लगाने के लिए चालान रसीद पर संबंधित व्यक्ति के हस्ताक्षर होने जरूरी है, लिहाजा ऐसे मकान मालिकों को उनके दून या दिल्ली के पते पर नोटिस भेजे जा रहे हैं।