श्रीनगर। शहर क्षेत्र में बिजली व पानी की आपूर्ति अनियमित रहने से स्थानीय निवासी खासे परेशान रहे। सोमवार रात 12 बजे से श्रीनगर के आधे से अधिक क्षेत्र में बिजली गुल रही, जिससे मंगलवार को पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई। वहीं विद्युत विभाग का कहना है, कि बिजली लाइन में काम होने से यह समस्या आई है। इस संबंध में उपभोक्ताओं को मीडिया के माध्यम से सूचित कर दिया गया था।
श्रीनगर के डांग, नर्सरी रोड, कमलेश्वर, केदार मोहल्ला, भक्तियाना, सहित बाजार के कई हिस्सों में सोमवार रात 12 बजे से विद्युत आपूर्ति ठप रही। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे करीब बिजली आयी, लेकिन आधे घंटे बाद फिर गुल हो गई। इसका असर सरकारी व निजी कार्यलयों सहित व्यापारियों के व्यवसाय पर भी पड़ा। इस दौरान लोगों को गर्मी ने भी खासा परेशान किया। वहीं विद्युत विभाग के एसडीओ मनोज अग्रवाल ने बताया कि डांग में बिजली का तार टूटने से सोमवार रात बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई। मंगलवार को लाइन में काम होने से सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित होने संबंधित सूचना प्रकाशित की गई थी।