श्रीनगर। बीएड पाठ्यक्रम के द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए विवि प्रशासन ने नया कार्यक्रम घोषित कर दिया है। अब उक्त सेमेस्टरों की परीक्षाएं 3 जुलाई से 21 जुलाई तक संपन्न होंगी। जबकि पूर्व में परीक्षाएं 29 जून से शुरू हो रही थी।
बीते 20 जून को गढ़वाल विवि के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय से बीएड पाठ्यक्रम के द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया गया था। इसके तहत परीक्षाएं 29 जून से 17 जुलाई तक संपन्न होनी थी। उक्त कार्यक्रम को परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की ओर से विवि से संबद्ध सभी बीएड संस्थानों को भी भेज दिया गया था, लेकिन विवि प्रशासन की ओर से इसे विवि की वेबसाइट पर अपलोड नहीं किया गया। इसमें छात्र परीक्षा के आयोजन को लेकर असमंजस में थे। छात्रों का आरोप था, कि विवि प्रशासन निजी संस्थानों के दबाव में परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव करना चाह रहा है। वहीं विवि प्रशासन परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र तय न होने व प्रश्न पत्र तैयार न होने के कारण देरी की कह रहा था। जबकि छात्रों ने विवि प्रशासन से तय कार्यक्रम के अनुसार ही परीक्षा कराए जाने की मांग की थी। मंगलवार को विवि प्रशासन ने उक्त सेेमेस्टरों के लिए नया परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। विवि के कुलसचिव डा. एके झा ने बताया कि बीएड द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 3 जुलाई से 21 जुलाई तक होंगी।