श्रीनगर। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने तीन दिवसीय कार्यस्थल बहिष्कार किए जाने की घोषणा की है। संघ ने एक ठेेकेदार पर अभद्रता व गाली गलौज करने का आरोप लगाया है। इंजीनियर्स संघ ने चेतावनी दी है, कि यदि जल्द ही उक्त ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
सोमवार को उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ की कीर्तिनगर शाखा ने बैठक आयोजित की, जिसमें इंजीनियर्स ने तीन दिवसीय कार्य स्थल बहिष्कार का निर्णय लिया है। इंजीनियर्स संघ के अध्यक्ष दीपक गुसांई ने बताया कि पीएमजीएसवाई कीर्तिनगर की ओर से करीब 5 किमी उलाणा कांडी मोटर मार्ग का निर्माण किया जा रहा है, जिसका कार्य अपर सहायक अभियंता सुशील सेमवाल देख रहे हैं। गुसाई ने बताया कि बीते रविवार को ठेकेदार ने अपर सहायक अभियंता सुशील सेमवाल पर कार्य से अधिक भुगतान करने का दबाव बनाया। अभियंता की ओर से इंकार किए जाने पर उक्त ठेकेदार ने गाली गलौज व अभद्रता की, जिसकी शिकायत पुलिस व एसडीएम से भी की गई है। अभियंताओं ने चेतावनी दी है, कि जल्द ही संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। बैठक में अधिशासी अभियंता जीपी रतूड़ी, सहायक अभियंता हेमंत नौटियाल, कुलदीप रावत, सुमनदीप, अर्जुन राणा, रविंद्र डिमरी, विपिन जेल्टा, भूपेंद्र गुसाई आदि मौजूद थे।