श्रीनगर। विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच (श्रीनगर क्षेत्र) की सुनवाई में मात्र एक शिकायतकर्ता पहुंचा। फोरम ने उक्त शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। वहीं फोरम ने तीन पुरानी शिकायतों की भी सुनवाई की। उक्त प्रकरणों का फैसला लगभग एक सप्ताह बाद आएगा।
सोमवार को विद्युत वितरण मंडल कार्यालय में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के न्यायिक सदस्य तेजवीर सिंह और उपभोक्ता सदस्य हिमांशु बहुगुणा ने सुनवाई की। फोरम मेें एकमात्र नई शिकायत आई। मलेथा के हरमिंदर सिंह ने बिल सही नहीं आने की शिकायत की, जिस पर सदस्यों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को गड़बड़ी ठीक करने के आदेश दिए। साथ ही बिल के लिए मोबाइल अलर्ट पंजीकरण करवाया गया। पुरानी शिकायतों में सबसे पहले नारायणबगड़ के त्रिलोक सिंह का प्रकरण सुना गया। त्रिलोक सिंह ने विद्युत कनेक्शन नहीं मिलने के बावजूद बिल आने की शिकायत की थी। बिल जमा न कराने पर उनकी आरसी काट दी गयी। दूसरी शिकायत रुद्रप्रयाग के नत्थी लाल की थी। नत्थी लाल की शिकायत की थी कि बिल भुगतान करने के बावजूद बकाया दर्शाया जा रहा है। वहीं जनता इंटर कॉलेज नैनीडांडा की ओर से शिकायत थी कि विद्युत विभाग ने खराब मीटर बदल दिया है, लेकिन नए मीटर को बिल में दर्ज नहीं किया गया है, जिसके चलते सही बिल नहीं आ रहे हैं। सदस्यों ने कोटद्वार डिवीजन से इस पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ ही नए मीटर को रजिस्टर्ड करने के आदेश दिए। दूसरी ओर फोरम के सदस्यों ने निर्माणाधीन विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच (श्रीनगर क्षेत्र) के कार्यालय का भी निरीक्षण किया। मौके पर अधीक्षण अभियंता एमआर आर्य और एसडीओ मनोज अग्रवाल आदि मौजूद थे।