पौड़ी। श्री नारायण सांस्कृतिक चेतना न्यास की ओर से एमआईसी स्कूल में महिला उत्थान और सशक्तीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें तीन विद्यालयों की छात्राओं व ग्रामीण महिलाओं को सेनेट्री नेपकिन और इंसुलेटर मशीन प्रदान की गई।
मेसमोर इंटर कालेज पौड़ी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीओ सदर अनिल कुमार जोशी ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिला उत्थान को लेकर कई प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले कुछ सालों में महिला सशक्तीकरण के कार्यों में तेजी भी आई है। कहा कि सरकार महिला उत्थान के लिए नई-नई योजनाएं बना रही है। जोशी ने महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना होने पर वे पुलिस की सहायता लें। कहा कि महिला या बालिका 100, 112, 1090 नंबर पर संपर्क कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकती हैं। कार्यक्रम में मैसमोर के साथ ही जीजीआईसी पौड़ी व जीआईसी सबदरखाल की छात्राओं और ग्रामीण महिलाओं को सेनेट्री नेपकिन और इंसुलेटर मशीन प्रदान की गई। इस मौके सभासद यशोदा नेगी, उमेद चौहान, करुणेश शर्मा, भारत व ऋतु शर्मा आदि शामिल थे।