पौड़ी। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली चौथान विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने गढ़वाल सांसद से दिल्ली में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने गढ़वाल सांसद से चौथान पट्टी में स्वास्थ्य सेवा में सुधार की मांग की। सांसद ने उन्हें सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।
दिल्ली स्थित गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत के आवास पर वीर चंद्र सिंह गढ़वाली चौथान विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की। इस मौके पर समिति के सचिव भीम सिंह रावत, बासवानंद ढौंडियाल, पूरन सिंह रमोला व एचडी ममगाई ने बताया कि चौथान पट्टी में 72 गांव हैं, जहां स्वास्थ्य सेवा की स्थिति दयनीय है। कुछ स्थानों पर चिकित्सालय हैं, लेकिन उनमें डाक्टर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पूरी पट्टी में एक भी एंबुलेंस नहीं है। पूर्व सांसद मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी से क्षेत्र में एंबुलेंस की मांग गई। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बूंगीधार में एक एंबुलेंस (108) देने के लिए दस लाख रुपये सांसद निधि से स्वीकृत किए, लेकिन यह राशि अभी नहीं मिल पाई है। इस अवसर पर आनंद सिंह भंडारी, मोहन पटवाल, हरीश डंगरियाल, महेश काला, धन सिंह बिष्ट, सुरेंद्र भंडारी, उम्मेद बिष्ट, बीएस रावत, सुरेंद्र चौधरी, भोपाल सिंह, मान सिंह व आनंद रावत आदि मौजूद थे।