श्रीनगर। नगर पालिका चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटन हो गए हैं। तीन अध्यक्ष व तीन सभासद पद पर प्रत्याशियों के चुनाव चिह्नों का आवंटन पर्ची से हुआ।
पालिका श्रीनगर में अध्यक्ष व सभासद पदों के लिए 8 जुलाई को चुनाव होने हैं। यहां अध्यक्ष पद पर 6 और 13 वार्डों में सभासद पदों के लिए 45 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। शनिवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। अध्यक्ष पद के एआरओ/तहसीलदार सुनील राज ने बताया कि तीन प्रत्याशियों ने चुनाव निशान में विकल्प एक जैसे दिए थे। इसलिए चुनाव चिह्न का आवंटन पर्ची से हुआ। वहीं, सभासद चुनाव के एआरओ जेएस कंडारी ने बताया कि वार्ड 10, 11 व 12 में पर्ची से चुनाव प्रतीक आवंटित किए गए।
कांग्रेस महामंत्री पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित
श्रीनगर। नगर पालिका के वार्ड 5 को भाजपा को तोहफे में देने वाले कांग्रेस जिला महामंत्री गणपति भट्ट को पार्टी ने छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। शनिवार को संगठन की बैठक के बाद जिलाध्यक्ष कामेश्वर राणा ने उनको पार्टी विरोधी गतिविधियों में संदिग्ध पाए जाने के आरोप में छह साल के निष्कासित कर दिया। इधर, भट्ट ने बताया कि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है। वह स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शहर से बाहर हैं। पार्टी को निष्कासन करने से पहले उनसे लिखित में पूछना चाहिए था। हालांकि उन्हें पार्टी का निर्णय मान्य है। वहीं, चुनाव प्रचार के लिए भाजपा, कांग्रेस सहित निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार कार्यालय खोल दिए हैं।