देवप्रयाग। विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को अब घर के पास ही गैस उपलब्ध हो सकेगी। इसके लिए क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने क्षेत्र में 22 विस्तार पटलों का शुभारंभ किया है, जिससे ग्रामीणों को अब 10 से 15 किमी दूर गैस एजेंसी के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
बृहस्पतिवार को रसोई गैस वितरण के लिए क्षेत्र के 22 विस्तार पटलों का उद्घाटन किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने हरी झंडी दिखाकर गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक रवाना किए। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीणों को रसोई गैस के लिए अधिक दूर नहीं जाना पड़ेगा। बल्कि उनको घर के पास ही गैस उपलब्ध होगी। कहा कि इसके लिए चामी, वडेडा, मालू मरोड़ा, रिखवाणी, छड़ियारा आदि में गैस विस्तार पटलों की विधिवत शुरुआत की गई है। इस मौके पर अंजनीसैंण गैस एजेंसी के प्रबंधक केएस कठैत ने बताया कि गोदाम से विस्तार पटल तक सिलेंडरों के ढुलान का भाड़ा तय किया गया है। इसमें सबसे निकट 26 किमी पर छड़ियारा वासियो को दस रुपये जबकि सर्वाधिक 108 किमी दूर बमाणा के उपभोक्ताओं को 45 रुपये का भाड़ा देना होगा। बताया कि 22 विस्तार पटलों पर खाद्यपूर्ति अधिकारी जामणीखाल द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार क्षेत्र में गैस वितरित की जाएगी। इस मौके पर प्रधान दीपा देवी, हरपाल भंडारी, पारेश्वर भट्ट, बरफ चंद, गुलाब सिंह, प्रमोद रावत, बुद्धि नेगी, गणेश प्रसाद, जतिन पंवार आदि मौजूद थे।