श्रीनगर। नगर पालिका के चुनाव के लिए अध्यक्ष व सभासद पद के प्रत्याशियों ने जुलूस की शक्ल में पहुंचकर नामांकन कराया। इस दौरान जाम की स्थिति भी बनी रही। सड़क से लोगों को हटाने के लिए पुलिस को बार-बार अनुरोध करना पड़ा। चुनाव के लिए अंतिम दिन अध्यक्ष पद पर 6 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। इसमें भाजपा और कांग्रेस सहित निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। वहीं 13 वार्डों में सभासद पद के लिए 52 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया।
मंगलवार व बुधवार को पालिका चुनाव के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन कराए। अध्यक्ष पद के लिए 11 दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे थे। जबकि इस पद पर सभी नामांकन बुधवार को हुए। अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी सरोजनी रावत, कांग्रेस प्रत्याशी पूनम तिवाड़ी, निर्दलीय प्रत्याशी आशा उपाध्याय, सीमा भंडारी, पूर्णकला जैन व बीना चौधरी ने नामांकन कराया। भाजपा नेत्री अनीता बुड़ाकोटी व सुषमा असवाल और कांग्रेस नेता राजेश्वरी रावत, मीना रावत व ललिता अग्रवाल ने भी नामांकन पत्र खरीदे थे, लेकिन उन्होंने नामांकन नहीं कराया। पालिका के 13 वार्डों के लिए 52 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। सभासद के लिए 70 नामांकन पत्र बिके थे। वार्ड एक से 7, वार्ड दो व तीन से 5-5, वार्ड चार व पांच से 2-2, वार्ड छह, सात, दस व तेरह से 4-4, वार्ड आठ, नौ व ग्यारह से 3-3 और वार्ड 12 से 6 प्रत्याशियों ने नामांकन कराए। इनमें 21 महिला और 31 पुरुष हैं।
अधिकांश प्रत्याशी दावेदारों की पत्नियां
श्रीनगर। भाजपा से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी सरोजनी रावत पार्टी के नगर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र रावत की पत्नी है। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी पूनम तिवाड़ी पार्टी के प्रांतीय प्रवक्ता प्रदीप तिवाड़ी की पत्नी है। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी आशा उपाध्याय निवर्तमान पालिका अध्यक्ष बिपिन मैठानी की बहन है। निर्दलीय प्रत्याशी पर्चा भरने वाली पूर्णकला जैन पूर्व पालिका अध्यक्ष मोहन लाल जैन की पत्नी है। जैन दो साल पूर्व कांग्रेस से भाजपा में आए हैं।