पौड़ी। जिलाधिकारी ने जिला निकाय अधिकारियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति लापरवाही न बरते जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को गीले व सूखे कूड़े के निस्तारण को पिट व शेड बनाए जाने के लिए भूमि चिन्हित कर जल्द प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
मंगलवार को जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने जिले के नगर निकायों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा बैठक ली। इस मौके पर डीएम गर्ब्याल ने कहा कि जिले के समस्त निकाय क्षेत्रों के प्रत्येक वार्ड में डोर टू डोर कूड़ा एकत्र किया जाए। उन्होंने ईओ पौड़ी को वन व राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर गंगोटी में स्थलीय निरीक्षण कर चिन्हित भूमि का प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश दिए। एसडीएम सदर को राजस्व उप निरीक्षकों से निरीक्षण करवाकर पिट बनाए जाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान ईओ श्रीनगर एसपी गुप्ता ने बताया कि संकलित कूड़े को कांपैक्ट कर पालिका ने इस माह दो लाख 32 हजार और अब तक सात लाख से अधिक धनराशि प्राप्त कर ली है। इस अवसर पर डीएफओ गढ़वाल वन प्रभाग लक्ष्मण सिंह रावत, एसडीएम सदर योगेश सिंह मेहरा, ईओ पौड़ी विनोद लाल शाह, स्वर्गाश्रम मोहन प्रसाद गौड़, कोटद्वार आरएस पंवार, सतपुली रितेश बौंठियाल व दुगड्डा अर्जुन सिंह आदि मौजूद थे।