श्रीनगर। तहसील कीर्तिनगर की ग्राम पंचायत तल्यामंडल में एक दंपति की संदिग्ध परिस्थितियो में हुई मौत के मामले में राजस्व पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पहले राजस्व पुलिस आत्महत्या मानकर मामले की जांच कर रही थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर राजस्व पुलिस इसे संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जता रही है।
बीते 15 जून को तल्यामंडल गांव में जम्मू कश्मीर निवसाी दंपति राकेश (21) पुत्र रतन लाल और उसकी पत्नी सरला देवी (21) अपने कमरे में संदिग्ध अवस्था में मृत मिले थे। उक्त दंपति कुछ दिनों से गांव में रह रहा था। राजस्व पुलिस पहले घटना को आत्महत्या मान कर चल रही थी, जबकि दंपति के शव संदिग्ध अवस्था में कमरे में फर्श पर पड़े हुए थे। कमरे से कोई सुसाइड नोट व कीटनाशक पदार्थ भी नहीं मिला था। बावजूद इसके राजस्व पुलिस इसे संदिग्ध मानने को तैयार नहीं थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अब राजस्व पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। राजस्व उपनिरीक्षक सूरत सिंह कोटियाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सांस रुकना बताया गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर मामले को संदिग्ध मानते हुए अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।