पौड़ी। मुख्यालय पौड़ी में न्याय के देवता भगवान कंडोलिया का तीन दिवसीय वार्षिक पूजन शुरू हो गया है। मुख्यालय के नौ गांवों से भक्त, निसाण, देव डोलियां व छत्र लेकर भगवान के धाम पहुंचे, जहां ध्वज पूजन कर आरोहण किया गया। इसके बाद पूजा अर्चना शुरू हुई।
शुक्रवार को पौड़ी में च्वींचा, कांडई, बैंग्वाड़ी, पौड़ी गांव सहित नौ गांवों से ध्वजा व निसाण के साथ देव डोलियां आईं। मुख्यालय से ढोल-नगाड़ों की थाप पर कलश यात्रा निकली। इस दौरान छोलिया नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। यात्रा धारा रोड, कलक्ट्रेट परिसर, अपर बाजार, एजेंसी चौक होते हुए कंडोलिया मंदिर पहुंचने पर ध्वज पूजन के बाद ध्वजारोहण किया गया। इसी के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना व अखंड पाठ शुरू हुआ। शनिवार को मंदिर में भजन-कीर्तन के अलावा महाआरती, रात्रि जागरण व मंडाण का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर में 16 जून को हवन यज्ञ, पूजा-अर्चना के साथ भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर अद्वैत बहुगुणा, ललित चिटकारिया, मनवर सिंह, सुनील नेगी, गिरीश बड़थ्वाल, नवीन भट, कमला नेगी व देवेंद्र रावत आदि मौजूद थे।