पौड़ी। शिक्षा विभाग ने गढ़वाल मंडल के नौ सहायक अध्यापकों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। ये शिक्षक विगत लंबे समय से सेवा से अनुपस्थित चल रहे हैं। अपर निदेशक माध्यमिक गढ़वाल मंडल ने इन शिक्षकों की सेवा समाप्त किए जाने के निर्देश जारी किए हैं। मई 2019 में भी मंडल के नौ सहायक अध्यापकों की सेवाएं समाप्त हो चुकी हैं।
शिक्षा परिसर पौड़ी में अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा महावीर सिंह बिष्ट ने नौ शिक्षक-शिक्षिकाओं की सेवा समाप्ति का आदेश जारी किया है। इनमें जनपद पौड़ी के सबसे ज्यादा चार, टिहरी से तीन, उत्तरकाशी व देहरादून के एक-एक शिक्षक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि गढ़वाल मंडल के विभिन्न विद्यालयों में विगत लंबे समय से कुछ शिक्षक-शिक्षिकाएं अनुपस्थित चल रही थीं, जिनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। बिष्ट ने बताया कि इन शिक्षक-शिक्षिकाओं के लंबे समय से गायब रहने के चलते विभाग को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कहा कि इन विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित होने के साथ ही इन पदों पर नई भर्ती भी नहीं हो पा रही थी। अपर निदेशक बिष्ट ने बताया कि अनुपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं को कई नोटिस दिए गए, लेकिन इनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया। विभाग ने लगातार अनुपस्थित चलने के कारण विभागीय कार्रवाई अमल में लाते हुए इनकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं। उन्होंने बताया कि सेवा समाप्त होने वाले इन शिक्षक-शिक्षिकाओं में जनपद पौड़ी के जीआईसी पाबौ के राजेंद्र सिंह, राउमावि कुलासू की ऋतु उनियाल, राउमावि धारखोल की ममता थपलियाल व राउमावि पलोटा की सहायक अध्यापिका सीमा शामिल हैं। जनपद टिहरी के जीआईसी रौणद रमोली के विजय कुमार, जीआईसी नागराजाधार की भावना सचान, राउमावि बांसकाटल की श्वेता झाम, जनपद उत्तरकाशी के जीआईसी नौगांव की भारती, देहरादून के राउमावि समाल्ट की सहायक अध्यापिका प्रीति मिश्रा की सेवाएं समाप्त की गई हैं। उन्होंने बताया कि मई में इससे पहले नौ सहायक अध्यापकों की सेवाएं लंबे समय से अनुपस्थित रहने पर समाप्त की जा चुकी हैं।