देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर कौड़ियाला के समीप हेमकुंड यात्रा से लौट रहे दो सगे भाई बाइक समेत खाई में जा गिरे। सड़क से लगभग दस मीटर नीचे गिरे दोनों तीर्थयात्रियों को राहत-बचाव दल ने खाई से निकालने के बाद उपचार के लिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा।
बुधवार को हेमकुंड से लौटते समय नवीयाबाद (करनाल) हरियाणा निवासी सतनाम सिंह और जसवंत सिंह की बाइक कौड़ियाला-तोताघाटी के बीच अनियंत्रित होकर बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से नीचे लुढ़क गयी। बाइक सवारों के खाई में गिरे होने की सूचना मिलते ही तीनधारा व बछेलीखाल से पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी बछेलीखाल विक्रम लाल ने बताया कि दोनों भाईयों को चोटें आयी हैं। उनके साथ आए अन्य यात्री उन्हें उपचार के लिए निजी एंबुलेंस में ऋषिकेश ले गए हैं। पुलिस टीम में बृज मोहन, मनोज रावत, सूर्यकांत भंडारी, व विनोद खंडूरी आदि शामिल थे।