पौड़ी। विकास खंड थलीसैंण में सहायक विकास अधिकारी के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपी अरुण निवासी रगड़ीगाड़ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बीते शुक्रवार को सहायक विकास अधिकारी प्रशांत रावत के साथ पांच लोगों ने मारपीट की थी। एडीओ ने तहरीर में बताया था कि एक युवक अपने चार साथियों के साथ उनके कार्यालय पहुंचा, जहां उसने सहकारी चुनाव को लेकर वार्ता की। इसी बीच वह अचानक आक्रामक होकर मारपीट करने लगा। साथ ही आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। एसएसआई मनोज गैरोला ने बताया कि मारपीट के आरोप में अरुण को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश जारी है।