देवप्रयाग। विकास खंड के जूनियर व माध्यमिक विद्यालय उनाना में विगत एक माह से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है, जिससे छात्र-छात्राओं के साथ ही भोजन माता को भी समस्या से जूझना पड़ रहा है।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रूकम सिंह बिष्ट ने बताया कि वर्ष 2004 में इन विद्यालयों के लिए पेयजल योजना का निर्माण करवाया गया था। कुछ समय तक पानी की कोई समस्या नहीं हुई, लेकिन योजना से व्यक्तिगत संयोजन दिए गए पानी की समस्या होने लगी। अब हालात यह है कि विद्यालयों में विगत एक माह से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। प्रधानाध्यापक कमलेश सुयाल ने बताया कि पानी के बिलों का बराबर भुगतान किया जा रहा है। प्रधान संतोषी बिष्ट ने भी विभाग की इस लापरवाही पर आक्रोश जताया है। जल संस्थान के सहायक अभियंता जीसी भट्ट ने कहा कि शीघ्र समस्या को हल किया जाएगा। साथ ही विद्यालय के लिए अलग से पेयजल लाइन बिछाई जाएगी।