पौड़ी। जिले में बेसिक की एक शिक्षिका का बीएड का प्रमाण पत्र फर्जी मिलने पर उसे सस्पेंड किया जा चुका है, जबकि 948 अन्य शिक्षक एसआईटी जांच के दायरे में हैं। इसमें सबसे अधिक थलीसैंण ब्लॉक के 175 और बीरोंखाल के 124 शिक्षक शामिल हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कुंवर सिंह रावत के मुताबिक प्रत्येक शिक्षक के प्रमाणपत्र जांच के लिए एसआईटी को भेज दिए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जिले में कुछ शिक्षकों के प्रमाणपत्रों के फर्जी होने की शिकायत के बाद वर्ष 2012 से वर्ष 2016 तक नियुक्ति वाले शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की जांच कराई जा रही है। जांच में प्राथमिक विद्यालय जयकोट पोखड़ा की सहायक अध्यापिका गायत्री का बीएड का प्रमाण पत्र फर्जी होने पर संबंधित उपखंड शिक्षा अधिकारी की ओर से उसे सस्पेंड किया जा चुका है, जबकि जनपद के अन्य विकासखंडों पौड़ी, खिर्सू, पाबौ, दुगड्डा, बीरोखाल, रिखणीखाल, जयहरीखाल, पोखडा, एकेश्वर, नैनीडांडा आदि विकासखंडों के शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की भी जांच कराई जा रही है। बेसिक के जिन शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच कराई जा रही है, उसमें वर्ष 2012 की नियुक्ति के 46, वर्ष 2013 के 247, वर्ष 2014 के 270, वर्ष 2015 के 337 और 2016 के 48 शिक्षक शामिल हैं। डीईओ बेसिक ने कहा कि इन सभी शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच एसआईटी से कराई जा रही है। जांच में किसी शिक्षक के प्रमाणपत्र फर्जी मिलने पर संबंधित के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।