पौड़ी। जनपदों के अलावा अब गढ़वाल मंडल स्तर पर भी बोर्ड परीक्षाओं में अच्छा परिणाम देने वाले स्कूल और शिक्षक पुरस्कृत होंगे। अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक महावीर सिंह बिष्ट ने अच्छा और खराब परीक्षा फल देने वाले स्कूलों की पिछले पांच वर्षों की रिपोर्ट तलब की है। अपर शिक्षा निदेशक ने बताया कि अच्छा रिजल्ट देने वाले इन शिक्षकों को शिक्षक दिवस पांच सितंबर को पुरस्कृत किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट घोषित होने के बाद बोर्ड परीक्षा में अच्छा परिणाम देने वाले शिक्षकों एवं स्कूलों को जनपद स्तर पर सम्मान समारोह आयोजित कर पुरस्कृत किए जाने के निर्देश दिए थे। अपर शिक्षा निदेशक महावीर सिंह बिष्ट ने कहा कि जनपदों के अलावा अब मंडल स्तर पर भी शिक्षकों को पुरस्कृत किया जाएगा। अपर शिक्षा निदेशक ने समस्त मुख्य शिक्षा अधिकारियों को दिए निर्देश में कहा कि पिछले पांच वर्षों से शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले विद्यालयों एवं शिक्षकों के बारे में उनके कार्यालय को जानकारी उपलब्ध कराई जाए। अपर शिक्षा निदेशक ने कहा कि इसके लिए मंडल के समस्त मुख्य शिक्षा अधिकारियों को प्रपत्र तैयार कर भेजे गए हैं। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि 31 जुलाई तक इस संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
शिक्षक सबसे अधिक और रिजल्ट सबसे कम
अपर शिक्षा निदेशक महावीर सिंह बिष्ट ने कहा कि हरिद्वार जनपद ऐसा जनपद है, जहां शिक्षकों के सबसे कम पद खाली हैं, लेकिन इस जनपद का रिजल्ट पिछले पांच वर्षों में गढ़वाल मंडल में लगातार अंतिम स्थान पर है, जबकि रुद्रप्रयाग जिला पहले स्थान पर है।