पौड़ी। जिलाधिकारी सुशील कुमार ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यान विकास की संभावनाओं को टटोलने राठ क्षेत्र के गांवों में पहुंचे। उन्होंने पट्टी बालीकंडारस्यूं के जितोली व बरसीला गांव में पौधरोपण का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि गांवों को उद्यान व बागवानी की ओर मुड़ना होगा। इससे आर्थिकी के साथ ही गांव का भी विकास होगा।
उद्यान विभाग और ग्राम्य विकास विभाग की मनरेगा योजना में पांच हेक्टेयर भूमि पर नाशपाती प्रजाति के 1250 पौधों का रोपण किया जाना है। बुुधवार को जिलाधिकारी सुशील कुमार ब्लाक पाबौ के गांव जितोली व बरसीला पहुंचे। यहां उन्होंने पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि उद्यान, फल सब्जी व बागवानी से गांव अपना भाग्य बदल सकते हैं। कार्यक्रम में डीडीओ वेद प्रकाश, डीपीआरओ मुस्तफा खान, मुख्य उद्यान अधिकारी नरेंद्र कुमार, बीडीओ शिवप्रसाद थपलियाल, संजीव काला, सूरज सिंह रावत आदि मौजूद रहे।