पौड़ी। केंद्र व राज्य पोषित योजनाओं की समीक्षा बैठक में लोनिवि ने डीएम के सामने त्रुटिपूर्ण रिपोर्ट पेश की। इसके अलावा 80 फीसदी से अधिक योजनाएं ऐसी प्रस्तुत कीं, जिनका निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। डीएम सुशील कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए लोनिवि के अफसरों को हिदायत दी कि वे योजनाओं को गंभीरता से लें अन्यथा कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी सुशील कुमार की अध्यक्षता में जिला योजना, राज्य, केंद्र पोषित और बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोनिवि के अधिकारियों को डीएम ने जमकर फटकार लगाई। प्रांतीय खंड लोनिवि को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला योजना जैसी महत्वपूर्ण बैठक में अधिकारियों द्वारा आधी अधूरी सूचनाएं दिए जाने पर भी असंतोष जाहिर किया गया। टास्क फोर्स अफसरों को स्थलीय निरीक्षण कर सत्यापन रिपोर्ट निर्धारित समयावधि में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न योजनाओं के आय-व्यय पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर सीडीओ रवनीत चीमा, परियोजना निदेशक एसएस शर्मा, एपीडी सुनील कुमार, सीईओ मदन सिंह रावत, डीओ पीआरडी सत्यपाल सिंह नेगी व जिला समाज कल्याण अधिकारी रतन सिंह रावल आदि मौजूद रहे। बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी निर्मल कुमार शाह ने किया।