श्रीनगर। गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर छात्रसंघ चुनाव का मामला अब कोतवाली पहुंच गया है। आइसा छात्र संगठन ने अध्यक्ष पद पर फर्जी मतदान की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग के संबंध में कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि शिकायती पत्र पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को आइसा कार्यकर्ता बिड़ला परिसर छात्र संघ उपाध्यक्ष (पदेन अध्यक्ष) अंकित उछोली के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने प्रभारी निरीक्षक एनएस बिष्ट को बिड़ला परिसर छात्रसंघ चुनाव के संबंध में तहरीर दी। अंकित उछोली ने कहा कि विवि प्रशासन ने बिड़ला परिसर छात्रसंघ चुनाव में धांधली की बात स्वीकारते हुए अध्यक्ष पद पर चुनाव निरस्त कर दिया है। अध्यक्ष पद पर पुनर्मतगणना के दौरान फर्जी मतपत्र पाए गए हैं, जिनकी पुष्टि विवि प्रशासन ने की है, लेकिन विवि प्रशासन ने केवल चुनाव निरस्त कर औपचारिकता निभाई है। जबकि न तो इस पूरे प्रकरण के लिए दोषियों का निर्धारण किया गया है और न ही किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई। कोतवाली में दिए गए शिकायती पत्र में आइसा ने पुलिस से मामले की जांच करने की मांग की है। आइसा ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की है। वहीं प्रभारी निरीक्षक एनएस बिष्ट ने बताया कि छात्रों का शिकायती पत्र ले लिया गया है। शिकायती पत्र पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शिकायती पत्र सौंपने वालों में आइसा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अतुल सती, नगर अध्यक्ष शिवानी पंाडे, आयुष कुकरेती, सूरज साहनी, पंकज फरस्वाण व रोहित बिष्ट आदि शामिल थे।