पौड़ी। जिले में गणतंत्र दिवस पूरे उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिलाधिकारी सुशील कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट में हुई बैठक में इसकी तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधीनस्थ अधिकारियों से कहा कि कंडोलिया मैदान में ध्वजारोहण के साथ ही पुलिस, एनसीसी कैडेट, स्काउट व होमगार्ड मार्चपास्ट करेंगे। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक, पेंटिंग, खेलकूद आदि प्रतियोगिताएं भी होंगी। जिलाधिकारी ने सरकारी एवं अर्द्ध सरकारी विभागों को निर्देश दिए कि 25 व 26 जनवरी को कार्यालय भवनों के अलावा शहीद स्मारकों एवं मूर्ति स्थलों में सायं छह बजे से रात्रि 11 बजे तक रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर सभी नगर निगम, नगर पंचायत कर्मचारी सफाई अभियान चलाकर सफाई पर विशेष ध्यान देंगे।
बैठक में एडीएम रामजी शरण शर्मा, एसडीएम सदर केएस नेगी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, डीपीआरओ एमएम खान, सहायक परियोजना निदेशक सुनील कुमार व बेसिक जिला शिक्षा अधिकारी कुंवर सिंह रावत आदि मौजूद रहे।