पौड़ी। रोडवेज बस और कार की भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए हैं। उन्हें जिला चिकित्सालय पौड़ी से उपचार के बाद मेडिकल कालेज श्रीनगर रेफर किया गया। वहीं रोडवेज के चालक-परिचालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने व चोट पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर पौड़ी से ऋषिकेश जा रही रोडवेज बस ने सबदरखाल के समीप विपरीत दिशा से आ रही कार को टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के जिला चिकित्सालय पौड़ी में भर्ती किया, जहां से उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कालेज श्रीनगर रेफर कर दिया गया। वहीं मामले में राजस्व पुलिस ने चालक-परिचालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाते हुए चोट पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। चालक-परिचालक को पुलिस चौकी सबदरखाल ने राजस्व पुलिस के हवाले कर दिया है। एसएसआई अजय रमन व चौकी इंचार्ज एआर भट्ट ने बताया कि रोडवेज व कार की टक्कर में कार सवार अंकित गोयल, राजकुमार व जावेद खान (चालक) घायल हो गए। इनमें जावेद खान पर ज्यादा चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि घायलों को जिला चिकित्सालय से मेडिकल कालेज श्रीनगर रेफर कर दिया गया है। एसडीएम सदर एसएस राणा ने बताया कि रोडवेज के चालक-परिचालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चला चोट पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि चालक-परिचालक भी कब्जे में हैं।