पौड़ी। गढ़वाली फिल्म मेजर निराला जल्द पर्दे पर नजर आएगी। फिल्म को गीत-संगीत लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी ने दिया है।
फिल्म के निर्देशक गणेश वीरान ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मेजर निराला फिल्म के निर्माण में करीब एक साल का समय लगा है। कहा कि प्रख्यात लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी के गीत-संगीत में बनी गढ़वाली फिल्म मेजर निराला में सशक्त गीत-संगीत के साथ ही एक फौजी के पारिवारिक संघर्ष के इर्द-गिर्द बुनी गई पटकथा देशभक्ति की मिसाल कायम करती है। कहा कि फिल्म में पद्मश्री कैलाश खेर, नरेंद्र सिंह नेगी के साथ की नामचीन लोक गायिका अनुराधा निराला की गायकी दर्शकों को कायल कर देगी। फिल्म के किरदारों में बॉलीवुड अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, हेमंत पांडेय के साथ ही मुख्य भूमिका में राजेश मालगुड़ी, निकिता बुटोला, रमेश रावत, रेखा आनंद की अदाकारी भी दर्शकों की पसंद बनेगी। नरेंद्रसिंह नेगी की आवाज में फिल्म का गीत लड़दा जा बढ़दा जा, मेरा वीर सैनिकों मेरा वीर बहादुरों रिलीज होने के बाद खूब धूम मचा रहा है। बताया कि मार्च में मुंबई में फिल्म का प्रोमो रिलीज किया जाएगा। उत्तराखंड फिल्म परिषद के भंग होने के बाद उन्होंने पारदर्शिता के साथ फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को भविष्य में परिषद में शामिल करने की सलाह दी। फिल्म नीति पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत के उस बयान को भी राज्य हित के खिलाफ बताया जिसमें उन्हाेंने कहा कि जो उत्तराखंड में बाहर से फिल्मांकन के लिए आएगा, उसे राजस्व में पूर्ण छूट दी जाएगी। कहा कि सरकार को तो उत्तराखंड के प्राकृतिक संसाधनों का लाभ उठाना चाहिए।