पौड़ी। गढ़वाल कमिश्नर ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण कार्यों को विशेष गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, अवैध निर्माण, पुनर्निर्माण के कार्यों को मार्च तक पूरा करने के लिए कहा।
गढ़वाल कमिश्नर दिलीप जावलकर ने शुक्रवार को रुद्रप्रयाग के डीएम मंगेश घिल्डियाल समेत विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के उच्चाधिकारियों के साथ डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के तहत केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में एमआई -26 हेलीपैड, स्पान व केदारनाथ धाम तक 50 फीट की चौड़ाई में मार्ग सुधार कार्यों की भौतिक प्रगति, केदारनाथ धाम में मंदिर चबूतरा में लगने वाले राजस्थानी पत्थरों व गुणवत्ता की जानकारी के साथ ही समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश कार्यदायी विभागों को दिए। उन्होंने रामबाड़ा से केदारपुरी तक के पैदल मार्ग का निर्माण व सुधारीकरण कार्यों की डीपीआर 30 जनवरी तक तैयार करने के निर्देश दिए। केदारपुरी में पुराना घोड़ा पड़ाव में डिस्पेंसरी का निर्माण करने के भी निर्देश दिए। उन्होेंने कहा कि वे शीघ्र ही त्रिजुगी नारायण में किए जा रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
इस मौके पर अनिल पांगती ईई डीडीएमए गुप्तकाशी, एआरई यूपीआरएनएन देहरादून मनमोहन सिंह रौथाण, ईई डीपीएमयू केदारनाथ सुनील कुमार, एसई सिविल वृत्त रुद्रप्रयाग मुकेश कुमार, मुख्य अभियंता सिंचाई श्रीनगर आदि उपस्थित रहे।