श्रीनगर। गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर के छात्रसंघ पदाधिकारी वार्षिकोत्सव कार्यक्रम तय करने के दौरान उनसे रायशुमारी नहीं करने पर आक्रोशित हैं। छात्रों ने विवि प्रशासन से कार्यक्रम की तिथि पीछे करने की मांग की। विवि प्रशासन के इंकार करने पर छात्रों ने डीएसडब्ल्यू का पुतला फूंक कर आक्रोश जताया
गढ़वाल विवि प्रशासन ने वार्षिकोत्सव कार्यक्रम की तिथि 11 मार्च से 15 मार्च तय की है। इसके लिए विवि प्रशासन ने नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया , लेकिन छात्र संघ पदाधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम तय किए जाने के दौरान डीएसडब्ल्यू बोर्ड ने उनकी सहमति नहीं ली।
बृहस्पतिवार को बिड़ला परिसर छात्र संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष अंकित उछोली व सचिव रामप्रकाश रैम्स के नेतृत्व में छात्र संघ पदाधिकारियों ने कुलसचिव डा. एके झा, डीएसडब्ल्यू प्रो. पीएस राणा, मुख्य नियंता प्रो. अरुण बहुगुणा व विवि सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक प्रो. मोनिका गुप्ता से वार्ता की। छात्रों का कहना था कि वार्षिकोत्सव होली के अवकाश के बाद कराया जाए। इस दौरान छात्रों व डीएसडब्ल्यू के बीच तीखी बहस भी हुई। विवि प्रशासन ने होली अवकाश के बाद वार्षिकोत्सव कार्यक्रम कराए जाने पर असमर्थता जताई। जिस पर आक्रोशित छात्र संघ पदाधिकारियों ने विवि गेट पर डीएसडब्लयू का पुतला फूंका। विवि प्रतिनिधि शुभदीप गोस्वामी, कोषाध्यक्ष शिवानी धनाई, मीना रावत, प्रदीप रावत, अतुल सती, कूपर सिंह आदि शामिल थे।
विवि ने किया वार्षिकोत्सव कार्यक्रम किया निरस्त
श्रीनगर। छात्र संघ पदाधिकारियों के साथ सहमति न बनने पर विवि प्रशासन ने वार्षिकोत्सव कार्यक्रम की तिथियां निरस्त कर दी हैं। विवि की सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक प्रो. मोनिका गुप्ता ने कहा कि इस संबंध में विवि से संबद्ध महाविद्यालयों को मेल कर सूचित कर दिया जाएगा।