पौड़ी। पर्वतीय राजस्व निरीक्षक, उप निरीक्षक एवं राजस्व सेवक संघ जिला इकाई ने एसडीएम कोटद्वार की भर्त्सना की है। इस बारे में जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में संघ ने मांग की है कि राजस्व उप निरीक्षकों को शीघ्र एसीपी का लाभ दिया जाए। चेतावनी दी कि 25 दिसंबर तक एसीपी का लाभ नहीं दिया गया तो वे 26 से कार्य बहिष्कार व एक जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देगा।
संघ के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह राणा ने जिलाधिकारी सुशील कुमार को ज्ञापन में बताया कि एसडीएम कोटद्वार ने पर्वतीय राजस्व संवर्ग के उप निरीक्षकों को मैदानी संवर्ग के लेखपाल क्षेत्रों में नियम विरुद्ध तैनात किया है। इसके अलावा एसडीएम कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा प्रमाण पत्र नहीं दे रहे हैं। प्रमाण पत्र न होने से कर्मचारी एसीपी के लाभ से वंचित हैं। यही नहीं, एसडीएम अपने मातहत राजस्व उप निरीक्षक प्रमोद कुमार, विक्रम सिंह व कैलाशचंद्र मंद्रवाल द्वारा सत्य निष्ठा प्रमाण पत्र कार्यालय में जमा करवाने के बाद भी एसीपी का लाभ नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि संघ ने एसीपी समेत अन्य मामलों का निस्तारण 25 दिसंबर तक न किए जाने पर आंदोलन का निर्णय लिया है। 26 दिसंबर से कार्य बहिष्कार व पहली जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। जिलाधिकारी सुशील कुमार ने सकारात्मक कार्रवाई की बात कही है।